
Alka Lamba News: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अब तक दो सूचियां जारी की हैं। पहली सूची 21 दिसंबर को और दूसरी 25 दिसंबर को जारी की गई, जिसमें 26 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने 2013 में आखिरी बार दिल्ली की सत्ता संभाली थी। इस बार पार्टी मजबूत वापसी के लिए सही उम्मीदवारों के चयन पर खास जोर दे रही है। इसी कड़ी में, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए कालकाजी से मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को उम्मीदवार बनाने की मंजूरी दी है। अपनी उम्मीदवारी पर प्रतिक्रिया देते हुए अलका लांबा ने कहा, “मैं यह नहीं मानती कि मैं किसी मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ रही हूं। अरविंद केजरीवाल ने खुद आतिशी को ‘अस्थायी मुख्यमंत्री’ कहा है। ऐसे में उनके पास केवल एक महीने का ही समय बचा है। वैसे भी, केजरीवाल की वापसी अब मुमकिन नहीं लगती।”

Alka Lamba : "अलका लांबा का हमला: संवैधानिक पद का अपमान कर रही हैं आतिशी"
Alka Lamba News: अलका लांबा ने आतिशी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक संवैधानिक पद पर रहते हुए आतिशी खुद अपने पद का अपमान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने उन्हें ‘अस्थायी मुख्यमंत्री’ कहा है, ऐसे में आतिशी को अपना रुख साफ करना चाहिए।
अलका लांबा ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत एक छात्र नेता के तौर पर की थी। 1995 में वह एनएसयूआई उम्मीदवार के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष चुनी गई थीं। इसके बाद उन्होंने 2015 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर चांदनी चौक सीट से चुनाव जीतकर विधायक बनने का सफर तय किया।
Delhi Assembly Election 2025 : आप की पूर्व विधायक अलका लांबा ने 2019 में कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इससे पहले, 2014 में वह कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुई थीं। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को अब 22 उम्मीदवारों का चयन करना बाकी है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने पहले ही अपने सभी प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। वहीं, देश की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी अब तक बैठकों में व्यस्त है और उम्मीद है कि वह एक-दो दिन में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।